टनकपुर : संपर्क मार्ग का निर्माण किए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया धरना प्रदर्शन, पूर्व विधायक ने भी किया समर्थन
टनकपुर। टनकपुर आमबाग ज्ञानखेड़ा संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय बाद भी न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के प्रदर्शन को पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भी समर्थन दिया।
मालूम हो कि एनएच 125 से लगे ज्ञानखेड़ा से आमबाग स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज तक के लगभग 2 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण किए जाने की मांग ग्रामीण लंबे समय से उठा रहे हैं। इसको लेकर उन्होंने आमबाग ज्ञानखेड़ा मार्ग निर्माण संघर्ष समिति का भी गठन किया है। ग्रामीणों का कहना है कि कांग्रेस शासन में वर्ष 2015 में तत्कालीन विधायक हेमेश खर्कवाल द्वारा इस मार्ग में आरबीएम बिछाया गया था, लेकिन उसके बाद कोई भी काम नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2019 में ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करते हुए रोड नहीं तो वोट नहीं का भी ऐलान किया था। तब प्रशासन के आश्वासन पर उसे वापस ले लिया गया। लेकिन आज तक सड़क नहीं बन सकी है।

गुरुवार को संघर्ष समिति से जुड़े लोगों एवं अन्य ग्रामीणों ने मार्ग पर सुबह 10 बजे धरना प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भी धरना स्थल पर पहुंच कर ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया। दोपहर करीब एक बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने ग्रामीणों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने कहा कि वे मांगों को लेकर ग्रामीणों से शुक्रवार की सुबह बैठक कर वार्ता करेंगे। इस पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि वे कल होने वाली बैठक के बाद आगे के कदम को लेकर निर्णय लेंगे। धरना प्रदर्शन करने वालों में संघर्ष समिति के अध्यक्ष पूरन चन्द्र आर्या, उपाध्यक्ष सुभाष चन्द, ज्ञानखेड़ा के ग्राम प्रधान नरी राम, आमबाग की ग्राम प्रधान मोहनी चन्द, बीडीसी सदस्य गीता सेठी, पूर्व ग्राम प्रधान कमला चन्द, पुष्पा विश्वकर्मा, पूर्व बीडीसी सदस्य हरिओम सेठी, मीरा पंत, भीम चन्द, उदय सिंह बिष्ट, गोवर्धन पंत, सतीश चन्द, एडी पंत, हयात सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।