टनकपुर की रिया का एनएबी ग्लोबल इन्नोवेशन सेंटर के लिए हुआ चयन
टनकपुर। किसान की बेटी ने अपने दृढ़ संकल्प से इंजीनियरिंग के क्षेत्र में प्रतिभा का हुनर दिखाया है। रिया का प्लेसमेंट एनएबी ग्लोबल इन्नोवेशन सेंटर गुरुग्राम में हुआ है। रिया की उपलब्धि पर परिजनों के साथ ही क्षेत्र के लोगों में हर्ष की लहर है।
निकटवर्ती ग्राम ज्ञानखेड़ा निवासी परिवहन निगम से सेवानिवृत्त उमेश चंद्र भट्ट के पुत्र कैलाश चंद्र भट्ट की पुत्री रिया भट्ट ने अपनी कड़ी मेहनत व लगन से सफलता का परचम लहराया है। इंजीनियरिंग के क्षेत्र में प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करने के लिए रविवार 18 मई को ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी देहरादून में रिया भट्ट को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। रिया की नर्सरी से 5वीं कक्षा तक की पढ़ाई टनकपुर नगर क्षेत्र के होली ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा छह से इंटर तक की पढ़ाई सेंट फ्रांसिस स्कूल टनकपुर से की। इसके उपरांत आगे की पढ़ाई के लिए देहरादून चली गईं। जहां ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से बीटेक कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई शुरू की। अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के कारण यूनिवर्सिटी से ही इनका कैंपस सेलेक्शन हुआ। वर्तमान में उनका प्लेसमेंट एनएबी ग्लोबल इन्नोवेशन सेंटर गुरुग्राम में सालाना 11 लाख के पैकेज पर हुआ है। रिया की इस उपलब्धि से परिवार के साथ पूरे क्षेत्र के लोगों में हर्ष व्याप्त है। रिया ने अपने क्षेत्र के लिए एक मिशाल कायम की है और अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी हैं। रिया के पिता कैलाश चंद्र भट्ट पेशे से किसान हैं और मां हंसा भट्ट गृहणी हैं। परिवार के सभी सदस्य रिया की इस सफलता से काफी खुश हैं। क्षेत्र के गणमान्य एवं अन्य सभी लोगों ने रिया के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है।
