हल्द्वानी में तेज रफ्तार ट्रक ने किशोर को रौंदा, हुई दर्दनाक मौत
हल्द्वानी। सड़क पर बने गड्ढे को बचाने के दौरान हल्द्वानी में एक किशोर की मिक्सर ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक अपने भाई के साथ सिलेंडर भर कर घर लौट रहा था। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
हल्द्वानी शहर में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। यहां सड़क हादसों में आए दिन लोगों की जान जा रही है। वहीं हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र स्थित नहर कवरिंग सड़क पर गड्ढे से बचने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक में बैठा किशोर सड़क में जा गिरा, जिसे सामने से आ रहे मिक्सर ट्रक ने रौंद दिया। घटना में किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के मुताबिक गौरीलाल मूल निवासी रायपुर टांडा हाल निवासी पनचक्की में अपने परिवार के साथ रह कर खेत बटाईदार का काम करता है। बीते सायं उसका बड़ा बेटा ललित और छोटा बेटा अर्जुन गैस सिलेंडर लेकर मुखानी से पनचक्की की ओर लौट रहे थे। नहर कवरिंग सड़क में जगदम्बा नगर मंदिर के पास बने गड्ढे से बचने के लिए ललित ने बाइक को कट किया तो बाइक अनियंत्रित हो गई। इस दौरान अर्जुन छिटक कर सड़क पर गिर गया, जिससे वह पीछे से आ रहे मिक्सर ट्रक की चपेट में आ गया।
जिस कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आनन फानन में भाई और आसपास के लोग उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है। एसपी मनोज कत्याल ने बताया कि हादसे में बच्चे की मौत हुई है। मिक्सर ट्रक को कब्जे में लिया है। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

