उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

कोर्ट में पेशी पर लाया गया आरोपी फरार, पुलिस के छूटे पसीने, आधे घंटे बाद दोबारा आया हाथ

ख़बर शेयर करें -

उधम सिंह नगर जिले से बड़ी खबर सामने आई है, कोर्ट परिसर से एक आरोपी पुलिस की हिरासत से भाग गया

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में पुलिस हिरासत से आरोपी को भागने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी को कोर्ट में पेश पर लगा गया था, तभी वो पुलिस को चमका देकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने स्थानीय युवकों की मदद से आरोपी को आधे घंटे के अंदर ही दोबार से पकड़ लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार केलाखेड़ा थाना पुलिस ने ग्राम टांडा डालचंद निवासी अमित सिंह को चाकू के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार के बाद आरोपी को पेशी के लिए कोर्ट में बाजपुर लगाया गया था। बताया जा रहा है कि अदालत परिसर के पास अचानक आरोपी युवक पुलिस हिरासत से निकलकर भाग खड़ा हुआ। आरोपी के फरार होते ही पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने तुरंत उसका पीछा शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल का दृश्य किसी फिल्मी सीन जैसा लग रहा था। आगे-आगे आरोपी और पीछे-पीछे पुलिसकर्मी दौड़ते नजर आए। भागते-भागते आरोपी एक खाली मैदान की ओर पहुंच गया, जहां कुछ युवक वॉलीबॉल खेल रहे थे।

पुलिसकर्मियों ने युवकों से मदद की अपील की। स्थानीय युवकों ने भी तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ने में सहयोग किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को दोबारा हिरासत में लेकर न्यायालय परिसर लाया गया, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
इस पूरे घटनाक्रम को किसी व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी एक युवक के पीछे दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बाजपुर के क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि सुरक्षा में चूक पाए जाने पर संबंधित कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

वहीं एसपी काशीपुर स्पन्न कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है और पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह घटना जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और पुलिस विभाग ने भविष्य में ऐसी चूक न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की बात कही है।