जनपद चम्पावतटनकपुर

टनकपुर में बेसहारा लावारिस घूम रहे लोगों का उप जिलाधिकारी ने जाना हाल, आंध्रप्रदेश की निकली टनकपुर बस अड्डे में रह रही महिला

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। रोडवेज बस अड्डे के पास घूम रही मानसिक रूप से कमजोर महिला की शिनाख्त आंध्रप्रदेश निवासी वंडी पदमा के रूप में हुई है। मंगलवार को पुलिस ने महिला का मेडिकल कराने के बाद उसे रीडस संस्था के पुनर्वास केंद्र भेज दिया है। रोडवेज बस अड्डे के पास एक महिला सप्ताह भर पूर्व से घूम रही थी। मंगलवार को पुलिस ने महिला से पूछताछ की, लेकिन वह हिंदी नहीं बोल पा रही थी। जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने संयुक्त चिकित्सालय में उसका मेडिकल कराया। कोरोना जांच में भी वह निगेटिव निकली। पुलिस ने महिला को एसडीएम हिमांशु कफल्टिया के समक्ष पेश किया। जहां से उसे बनबसा स्थित सामाजिक संस्था रीड्स के पुनर्वास केंद्र भेज दिया गया। प्रशासन ने विभिन्न स्रोतों से महिला की खोजबीन जारी रखी। वही इस महिला के साथ दो और महिलाएं मिली हैं। जिनमें से एक महिला अपना पता पिथौरागढ़ के समीप जौलजीबी का बता रही है। वही दूसरी महिला अपना पता सितारगंज का बता रही है। एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि महिला की शिनाख्त आंध्रप्रदेश के जिला आनलपुर रामदुर्गम, ग्राम अनुमापुर निवासी 47 वर्षीय वंडी पदमा पत्नी कुमार भारत के रूप में हुई है। बताया कि महिला के दो बच्चे भी हैं। फिलहाल महिला पुनर्वास केंद्र में है। उसे उसके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिला हिंदी बोल और समझ नहीं पा रही है और मानसिकरूप से कमजोर प्रतीत हो रही है। वहीं उन्होंने बताया कि इन्हीं के साथ दो और महिलाओं मिली है जिसमें से एक महिला अपना पता जौलजीबी बता रही है जिसको कल उनके गंतव्य के लिए भेज दिया जाएगा। वहीं एक बुजुर्ग महिला जो अपना पता सितारगंज बता रही है। उस बुजुर्ग महिला की सूचना पर सितारगंज प्रशासन को इसकी सूचना अवगत करा दी गई है। सितारगंज में प्रशासन द्वारा इस संबंध में महिला द्वारा बताए गए पते की जानकारी किए जाने के बाद सूचना मिलते ही उन्हें भी अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाएगा।