उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

रफ्तार का कहर : बाइक सवार 16 साल के किशोर की मौत, गर्दन में घुसा डिवाइडर में लगा लोहे का एंगल

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। देर रात रामपुर-नैनीताल हाईवे पर हुई भीषण दुर्घटना में 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शिवनगर निवासी 16 वर्षीय सचिन राठौर अपने दोस्त नितिन राठौर के साथ एक पार्टी से वापस लौट रहा था। रात करीब साढ़े 11 बजे जब वे सब्जी मंडी गेट के सामने पहुंचे, तभी अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सचिन बाइक से उछलकर सीधे डिवाइडर में लगे लोहे के एंगल पर जा गिरा। दुर्भाग्यवश लोहे का एंगल उसकी गर्दन में घुस गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसका साथी नितिन सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

Ad Ad

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल नितिन को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। दूसरी ओर, सचिन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रुद्रपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। प्राथमिक जांच में बाइक की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस ने यह भी कहा है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करता है।

Ad Ad