उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

गैस सिलेंडर फटने से चार लोग झुलसे, धमाके से इलाके में मची अफरा-तफरी

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में तेज धमाका हो गया। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, चामुंडा मंदिर शिव नगर ट्रांजिट कैंप निवासी कुमार सेन, अंकित कुमार, सत्यवीर सिंह और सुमित कुमार एक ही किराए के मकान में रहते हैं। सभी सिडकुल की एक कंपनी में काम करते हैं और सामूहिक रूप से रहन-सहन और भोजन की व्यवस्था साझा करते हैं। बताया जा रहा है कि चारों लोग कमरे में गैस सिलेंडर पर खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें तेजी से पूरे कमरे में फैल गई। देखते ही देखते कमरे में रखे दो बड़े घरेलू सिलेंडर और एक छोटा सिलेंडर भी एक के बाद एक फटने लगे। लगातार हो रहे धमाकों से कमरे की दीवार तक क्षतिग्रस्त हो गई।

Ad Ad

धमाके से आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। आग की चपेट में आकर चारों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। हालांकि, उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। वहीं, दमकल कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
फिलहाल, पुलिस और अग्निशमन विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि सिलेंडर में विस्फोट किस कारण हुआ? शुरुआती तौर पर गैस रिसाव या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। वहीं, अग्निशमन अधिकारियों ने लोगों से घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा है। ताकि, इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

अग्निशमन अधिकारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया है कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग काफी हद तक पहले ही फैल चुकी थी, जिससे कमरे की दीवार गिर गई और लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेज दिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Ad Ad