टनकपुर में पालिकाध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी के बीच चल रहे मतभेद का हुआ पटाक्षेप

टनकपुर। टनकपुर नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के बीच विचारों के मतभेद के कारण पिछले कुछ दिनों से प्रभावित हो रहे कामकाज को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया। पूरे मामले को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की ओर से समाधान की पहल की गई। जिसके बाद दोनों पक्षों में सुलह करा दी गई है।


मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल और उप जिलाधिकारी नितेश डांगर की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित कर विवाद का समाधान किया गया। बैठक में नगर पालिका के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने पर सहमति बनी है। माना जा रहा है कि अब नगर के विकास कार्यों को गति मिलेगी। वहीं मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार नगर में हॉट मिक्स कार्य, लाइट और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा आगामी पूर्णागिरि मेले को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अन्य व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। सीएम कैंप कार्यालय की ओर से नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को भी शीघ्रता से संपन्न करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
