युवक हुआ जहरखुरानी का शिकार, रोडवेज कर्मियों ने बेहोश युवक को बीच सड़क पर उतार दिया
हल्द्वानी। दिल्ली से भीमताल अपने मित्र की शादी में शामिल होने आ रहा एक युवक रास्ते में बदमाशों के जाल में फंस गया। जहर खुरानी गिरोह ने उसे नशीला पदार्थ देकर लूट लिया। आरोप है कि युवक को अस्पताल पहुंचाने की बजाय रोडवेज बस के चालक परिचालक उसे काठगोदाम से पीछे सुनसान सड़क पर बेहोशी की हालत में बस से उतारकर सड़क किनारे छोड़ दिया। अब रोडवेज कर्मियों की इस घटना का शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार युवक दिल्ली से रोडवेज बस में सवार होकर भीमताल जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर या खिलाकर अचेत कर दिया। मौका पाकर उसका मोबाइल फोन और पर्स उड़ा ले गया। इतना ही नहीं, उसके मोबाइल के माध्यम से करीब एक लाख रुपये का ऑनलाइन लेनदेन भी कर लिया गया। बताया जा रहा है कि युवक अचेत अवस्था में ही बस से हल्द्वानी पहुंचा।
हल्द्वानी भीमताल रोड पर चालक परिचालक ने शीशमहल क्षेत्र में बस रोककर उसे नीचे उतार दिया गया। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वह बस के गेट से लड़खड़ाते हुए सड़क पर गिरता दिखाई दे रहा है। कुछ देर तक वह वहीं बेसुध पड़ा रहा। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे देखा तो मदद के लिए आगे आए और उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत में अब सुधार है।
घटना के बाद बस स्टाफ के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वायरल वीडियो में दिख रही तस्वीरों के आधार पर कथित अमानवीयता की चर्चा तेज हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि जहरखुरानी गिरोह की पहचान के लिए टीमों को लगाया गया है। साथ ही बस कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या संवेदनहीनता सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी। शादी में शामिल होने निकला एक युवक अस्पताल के बिस्तर पर पहुंच गया। यह घटना न केवल जहरखुरानी गिरोह की बढ़ती सक्रियता की ओर इशारा करती है, बल्कि सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

