नवीनतमनैनीतालहादसा

बहन से मिलने आया युवक सड़क हादसे का बना शिकार

ख़बर शेयर करें -

देर रात दर्दनाक हादसे ने छीन ली एक जिंदगी

हल्द्वानी। लालकुआं के बिंदुखत्ता क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क हादसे में बहन के घर आए युवक संतोष भट्ट की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, बागेश्वर निवासी 20 वर्षीय संतोष भट्ट इन दिनों अपनी बहन के घर इंद्रानगर द्वितीय में ठहरे हुए थे। शनिवार रात करीब 11 बजे वह स्कूटी से कहीं जा रहे थे। तभी दानू स्कूल के पास अचानक एक लावारिस पशु सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में संतोष सीधे सड़क पर सिर के बल गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। 108 सेवा के जरिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक जोगेंद्र यादव के नेतृत्व में प्रारंभिक जांच की गई। पुलिस ने हादसे के कारणों को लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है और आसपास के हालात की भी पड़ताल की जा रही है।
बताया जा रहा है कि संतोष देहरादून की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और छुट्टी के दौरान अपनी बहन के घर आए थे। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। संतोष अपने परिवार में एक भाई और दो बहनों में से एक थे। उनकी असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। बहन, जिसके घर वह कुछ दिन बिताने आए थे, गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

Ad Ad