चल्थी पुल जांच मामला # व्यस्तता का हवाला देते हुए समिति अध्यक्ष जांच से अलग हुए
चम्पावत। चारधाम महामार्ग विकास योजना के तहत चम्पावत जिले में बनी ऑलवैदर रोड और निर्माणाधीन चल्थी पुल की जांच फिलहाल रुक गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार समिति अध्यक्ष एसई लोनिवि पिथौरागढ़ ने शासकीय कार्य में व्यस्तता का हवाला देते हुए खुद को जांच टीम से अलग कर लिया है। उन्होंने अपने स्थान पर लोनिवि अस्कोट के ईई को नामित कर दिया है। इसके चलते जांच कार्य करीब पांच दिन से ब्रेक लगा हुआ है। टीम को जांच 19 जून तक ही पूरी कर लेनी थी।
मालूम हो कि गत 24 मई को सीएम तीरथ सिंह रावत के चम्पावत भ्रमण पर आए थे। इस दौरान जिला सभागार में हुई बैठक के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने ऑलवैदर रोड व चल्थी पुल निर्माण में घटिया गुणवत्ता की शिकायत सीएम से की थी। सीएम ने डीएम को मामले की जांच के आदेश दिए थे। डीएम विनीत तोमर ने 25 मई को तीन सदस्यीय तकनीकी जांच समिति बनाई थी। समिति में लोनिवि के एसई जेपी गुप्ता को अध्यक्ष जबकि आरडब्ल्यूडी चम्पावत के ईई व लोनिवि लोहाघाट के ईई को सदस्य नियुक्त किया गया था। बीते 16 जून को समिति ने लोहाघाट से भारतोली और बनलेख से स्वाला तक सड़क की जांच शुरू की थी। दो दिन चली जांच अचानक ठप हो गई थी।

