उत्तरकाशी आपदा: धराली में रेस्क्यू ऑपरेशन का तीसरा दिन, आज रेस्क्यू हुए 44 लोग
उत्तरकाशी जिले के धराली में आई प्राकृतिक आपदा का आज तीसरा दिन है। धराली में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सेना और आईटीबीपी के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस राहत और बचाव कार्यों में लगी हुई है। दूसरे दिन रेस्क्यू में मौसम बाधा बना रहा तो टूटी सड़कों ने राहत टीमों को ग्राउंड जीरो पर पहुंचने में बाधा डाली। इसके बाद हेली सेवा की मदद ली गयी। धराली आपदा में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। बड़ी संख्या में लोग लापता हैं। बुधवार तक धराली आपदा में फंसे 190 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया था। इनमें 13 घायल भी शामिल हैं। इसके साथ ही आज गुरुवार को 44 पर्यटकों को एयरलिफ्ट किया गया है।
धराली में रेस्क्यू ऑपरेशन को मॉनिटर करने के लिए सीएम धामी ने उत्तरकाशी में ही कैंप किया हुआ है। आज गुरुवार को उन्होंने उत्तरकाशी में रेस्क्यू किए गए लोगों से मुलाकात की। इसके साथ ही आपदा राहत कार्यों का निरीक्षण किया। धराली आपदा में फंसे 190 लोग रेस्क्यू किए गए हैं। इनमें 13 घायल भी शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर फंसे 44 पर्यटकों को भी रेस्क्यू किया गया है। आपदा प्रभावित धराली गांव से बचाए गए एक घायल व्यक्ति को हवाई मार्ग से मातली हेलीपैड लाया गया। यहां से उसे आगे के उपचार के लिए भेजा जाएगा। आज धराली हर्षिल में सुबह से ही रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सुबह से 9.30 बजे तक तक कुल 44 लोगों को हेली से आईटीबीपी मातली शिफ्ट किया गया है। यहां से उन्हें उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया जा रहा है।
उत्तरकाशी के धराली और हर्षिल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद सड़क मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गंगोत्री धाम में कई लोग फंस गए हैं। सेना, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, उत्तराखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन फंसे हुए सभी लोगों को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चला रहे हैं। उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे बचाव कार्यों पर, एनडीआरएफ के डीआईजी गंभीर सिंह चौहान ने कहा कि हमारे पास चार टीमें हैं। अभी सभी सड़कें अवरुद्ध और क्षतिग्रस्त हैं, इसलिए वे धराली नहीं पहुंच सकी हैं। बुधवार को 35 कर्मचारियों को हेलीकॉप्टरों के माध्यम से पहुंचाया गया था। हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू होने के साथ, कर्मचारियों और निकाले गए लोगों का आना-जाना शुरू हो गया है। पहले संचार की भी समस्या थी। आज गुरुवार सुबह से हमारे सैटेलाइट फोन काम कर रहे हैं। राज्य प्रशासन, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ रेस्क्यू कार्य में लगे हैं। स्थानीय लोग भी खोज और बचाव कार्यों में एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं।
उत्तरकाशी में फंसे महाराष्ट्र के पर्यटक ने बताया कैसे हुआ रेस्क्यू…
उत्तरकाशी के धराली में आई प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। रेस्क्यू किए गए महाराष्ट्र के जलगांव निवासी रूपेश मेहरा ने कहा कि वहां सड़कें बंद हो गई थीं। हमें हेलीकॉप्टरों से बचाया गया। वहां तैनात सभी एजेंसियों से हमें बहुत मदद मिली। हमें वहां से निकाल लिया गया। हर्षिल राहत कैंप में रुके 9 यात्रियों को हेलीकॉप्टर से मातली लाया गया। उत्तरकाशी में राहत और बचाव कार्य जारी है। आज गुरुवार सुबह हर्षिल राहत कैंप में रुके हुए 9 यात्रियों को हेलीकॉप्टर से मातली लाया गया।

