क्राइमजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

आरपीएफ जवान से मारपीट करने वालों की पहचान हुई, जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर चारों को गिरफ्तार किया

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। रेलवे स्टेशन परिसर में शराब पीने से मना करने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जवान के साथ मारपीट करने वालों की जीआरपी ने पहचान करने के साथ ही गिरफ्तार कर लिया है। जीआरपी ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। दो आरोपियों पर टनकपुर कोतवाली में पहले भी किसी अन्य मामलों में रिपोर्ट दर्ज है।
शुक्रवार की रात गश्त के दौरान आरपीएफ जवान नीरज शर्मा को रेलवे स्टेशन परिसर में चार लोग शराब पीते हुए दिखे। शराब पीने से मना करने पर चारों ने उनके साथ बुरी तरह मारपीट की। शनिवार को नीरज शर्मा ने जीआरपी चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर में नीरज शर्मा ने कहा है कि वह शुक्रवार की रात वाशिंग पिट पर सुरक्षा ड्यूटी में थे। इस दौरान उन्हें चार संदिग्ध लोग दिखाई दिए। आरोप है कि पूछताछ के दौरान उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए गाली गलौज की। मारपीट करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर जीआरपी थाना काठगोदाम में धारा 307, 333, 353, 427, 504, 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। मामले की विवेचना जीआरपी थानाध्यक्ष अशोक कुमार द्वारा शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक रेलवे मंजूनाथ टीसी के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल के निर्देशन में अभियोग की विवेचना के दौरान मारपीट करने वालों की पहचान सुनील कश्यप पुत्र राय बहादुर कश्यप निवासी वार्ड नंबर नौ घसियारा मंडी, अमन कश्यप पुत्र मिश्री लाल कश्यप निवासी वार्ड नंबर नौ घसियारा मंडी, सौरभ कुमार पुत्र अर्जुन सिंह लोधी निवासी इमली पड़ाव वार्ड नंबर सात व इंद्रजीत पुत्र सुखदेव सिंह निवासी राजाराम चौराहा के रूप में की गई। चारों को टनकपुर पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया गया। सभी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। जीआरपी के अनुसार आरोपी अमन व सौरभ के खिलाफ टनकपुर थाने में पूर्व में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। जीआरपी की टीम में एसओ अशोक कुमार, एसआई बलवीर सिंह, नरेश कोहली, कांस्टेबल ललित डंगवाल, महेश राणा, जगदीश कुमार, एसओजी जीआरपी के एसआई प्रदीप राठौर, कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति, नजाकत अली व मनोज कुमार शामिल रहे।

Ad Ad