चम्पावत : KPL के पहले दिन हुए तीन मुकाबल, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल ने दर्ज की जीत
चम्पावत। स्थानीय स्व.दीवान सिंह लडवाल स्टेडियम में आज मंगलवार को कुमाऊं प्रीमियर लीग (KPL) का आगाज हुआ। फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने किया। उद्घाटन मुकाबला ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ की टीमों के बीच खेला गया। इससे पहले मुख्य अतिथि कोश्यारी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
लडवाल फाउंडेशन और स्वत्थान द्वारा प्रायोजित कुमाऊं प्रीमियर लीग प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। पहले हाफ तक दोनों टीमें एक-एक गोल से बराबरी पर थी। अशोक कालाकोटी के निर्णायक गोल से ऊधमसिंह नगर ने मैच एक के मुकाबले दो गोल से जीत लिया। दूसरे मैच में नैनीताल ने बागेश्वर को 2 के मुकाबले 5 गोल से शिकस्त दी। प्रशांत सिंह ने रेफरी, सुमित सिंह, मिलन, सागर लाइनमैन व ऑफिशियल, विशाल नेगी मैच कमीशनर थे। आंखों देखा हाल अशोक वर्मा ने सुनाया।

लडवाल फाउंडेशन के मुखिया नरेंद्र सिंह लडवाल ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन में स्पोर्ट्स क्लब चम्पावत सहयोग कर रहा है। उद्घाटन सत्र में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, सभासद रोहित बिष्ट, महेंद सिंह बोहरा, प्रदीप बोहरा, मुकुल ढेक, नीरज जोशी, अमित वर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।
पहले दिन का तीसरा व आखरी मैच मेजबान चम्पावत व अल्मोड़ा के बीच हुआ। मुकाबला कांटे का रहा और एक-एक गोल से बराबरी पर छूटा। हर्षित महरा ने पहला गोल दाग चम्पावत को बढ़त दिला दी। लेकिन दूसरे हाफ में गोल कर अल्मोड़ा ने मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। आंखों देखा हाल अशोक वर्मा और नीरज जोशी ने सुनाया। प्रतियोगिता में कल 18 फरवरी को भी 3 मैच होंगे।
तीसरे मैच के मुख्य अतिथि एडवोकेट डॉ. श्याम सिंह कार्की, सुधीर शाह, व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास साह, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. भुवन चंद्र जोशी रहे। स्पोर्ट्स क्लब अध्यक्ष विजय चौधरी, जिला खेल समन्वय प्रदीप बोहरा, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह बोरा, सभासद रोहित बिष्ट, डॉ. महेश ढेक, मुन्ना राय, मुकुल ढेक, दीपक कन्याल, मुकेश टम्टा, मुकेश वर्मा, अमित वर्मा आदि ने सहयोग किया।
कल होंगे ये मैच…
18 फरवरी को पहला मैच 10 बजे से बागेश्वर व अल्मोड़ा। दूसरा मैच 1 बजे से ऊधमसिंह नगर व नैनीताल। तीसरा मैच 4 बजे से चंपावत व पिथौरागढ़ के बीच होगा।

