जनपद चम्पावतहादसा

चम्पावत में स्वाला के समीप टिप्पर खाई में गिरा, भाजपा नेता की मौत, एक घायल

ख़बर शेयर करें -
स्वाला के समीप खाई में गिरा टिप्पर।

चम्पावत। टनकपुर चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार की सुबह एक टिप्पर खाई में गिर गया। हादसे में टिप्पर स्वामी भाजपा नेता की मौत हो गई, जबकि एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुआ है। भाजपा नेता की मौत पर पार्टी में शोक की लहर है। जिलाध्यक्ष समेत तमाम नेताओं ने दुख जताया है।





जानकारी के अनुसार भाजपा धूरा अमोड़ी मंडल के बेलखेत बूथ अध्यक्ष जगदीश सिंह (46) पुत्र बची सिंह सोमवार की सुबह अपने टिप्पर यूकेसीए03/2244 से कुछ निर्माण सामग्री छोड़ने खेतीखान जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े पांच बजे स्वाला के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में जगदीश सिंह व वाहन सवार बेलखेत निवासी नरेश सिंह (45) पुत्र हयात सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को किसी तरह खाई से निकाल कर सड़क तक पहुंचाया। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जगदीश सिंह को मृत घोषित कर दिया। नरेश सिंह को हायर सेंटर रेफर किया गया है। दुर्घटना में भाजपा नेता के निधन का समाचार मिलते ही पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री व स्थानीय विधायक पुष्कर सिंह धामी, वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश चंद्र गहतोड़ी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक, दियूरी के बीडीसी सदस्य सुंदर सिंह बोहरा समेत तमाम नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दुख व्यक्त किया है। कोतवाल योगेश उपाध्याय ने बताया कि जगदीश सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा।