दर्दनाक हादसा : गहरी खाई में गिरी यूटिलिटी, चालक की मौत
पुलिस, SDRF और ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला, घायल को अस्पताल भेजा गया है
टिहरी गढ़वाल। घनसाली घुत्तू मोटर मार्ग पर सांकरी गांव के पास एक यूटिलिटी (UK07CD 0854) सड़क से करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में वाहन चालक और एक घोड़े की मौत हो गई। हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे का बताया जा रहा है।

थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने जानकारी देते हुए बताया कि जौनपुर निवासी पूरब सिंह रौथान (55) खच्चर खरीदकर अपने गांव सटीयाला जा रहे थे। वाहन को बॉबी (निवासी क्यारसी) चला रहा था। हादसे में चालक और एक घोड़े की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूरब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना पर थाना घनसाली पुलिस, SDRF और ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला। घायल को अस्पताल भेजा गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए बालेश्वर अस्पताल भेज दिया गया है।

प्रदेश में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं में होने वाले मौतों के आंकड़े को देखते हुए परिवहन विभाग जन जागरूकता अभियान चला रहा है। एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकगनाइजेशन) कैमरे के जरिए ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वाले और ओवर स्पीडिंग करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जा रही है। प्रदेश में सड़क हादसों से निपटने के लिए ओवर स्पीडिंग पर लगाम लगाने के लिए एनफोर्समेंट की कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश के बॉर्डर एरिया के साथ ही राज्य के तमाम महत्वपूर्ण जगहों पर एएनपीआर कैमरे लगाए गए हैं। जिससे ट्रैफिक नियमों का पालन न करने वाले और ओवर स्पीडिंग करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है। इन तमाम कोशिशों के बाद भी प्रदेश में सड़क हादसे हो रहे हैं।

