तुषार हत्याकांड : खटीमा में हुआ बवाल, पुलिस प्रशासन ने लगाई धारा 163
हिंदूवादी संगठनों ने बाजार बंद कराई, रोडवेज बस अड्डे के समीप कुछ दुकानों को किया आग के हवाले
खटीमा/उधमसिंह नगर। तुषार शर्मा हत्याकांड को लेकर कोतवाली में बड़ा हंगामा हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा धारा 163 लगा दी गई है। आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।

उधम सिंह नगर जिले के खटीमा के आश्रम पद्धति विद्यालय के पीछे वार्ड नंबर 10 का निवासी 24 वर्षीय तुषार शर्मा बीते शुक्रवार की देर रात रोडवेज बस अड्डे के पास अपने दोस्त पकड़िया के निवासी सलमान और बाल्मीकि बस्ती के निवासी अभय के साथ मौजूद था। वे रात के 9:30 के बाद तुषार सलमान और अभय बस अड्डे के पास स्थित एक चाय की दुकान पर खड़े थे। तभी इस दौरान गोटिया इस्लामनगर से कुछ युवक आए। जिनकी उनके साथ कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष एक दूसरे से भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और मारपीट से यह मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने तुषार समेत उसके साथियों पर चाकू से हमला कर दिया। जिसके कारण तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया। सलमान और अभय को भी गंभीर चोटे आई।

घटना को घटित होता देख आसपास के लोगों ने इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम ने तुषार व उसके साथियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही तुषार को मृत घोषित कर दिया। तुषार की हत्या के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। जिन्होंने आज शनिवार को हत्या के विरोध में बाजार बंद कराया है। इतना ही नही बल्कि हिंदूवादी संगठनों ने सुबह रोडवेज बस स्टेशन पर गैर हिंदुओं की दुकानों पर तोड़फोड़ करते हुए कई दुकानें बंद कराई, वही जिस चाय की दुकान पर घटना हुई थी उस दुकान को भी आग के हवाले कर दिया। जानकारी मिली है कि यह दुकान मुख्य आरोपी के पिता की है। पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद हिंदू नेताओं को शांत करवाया गया साथ ही दमकल टीम को बुलाकर दुकान में लगी आग को बुझाया गया। मृतक के परिजन रोड पर बैठकर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने जुलूस निकाल रहे आक्रोशित युवकों पर हल्का लाठीचार्ज कर उन्हें तीतर बितर किया।
खटीमा के मुख्य चौक और रोडवेज बसे अड्डे समेत मुख्य स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आसपास के थानों को फोर्स भी एतिहात के तौर पर खटीमा बुला ली गई है। खुद एसडीएम तुषार सैनी और पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल रावत ने मोर्चा संभालते हुए शहर में फ्लैग मार्च किया। खटीमा एसडीएम तुषार सैनी ने सभी से अपील है कि शांति व्यवस्था बनाए रखें। पुलिस-प्रशासन अपना कार्य कर रहा है। खटीमा में धारा 163 लगा दी गई है। आमजन किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान ना दे। पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल रावत ने बताया कि बीती रात दो गुटों में हुई लड़ाई और चाकूबाजी में एक युवक की मौत हुई है। दो अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने तत्परता के साथ तभी इस मामले में कार्रवाई की थी। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

