अल्मोड़ाक्राइमनवीनतम

जंगल की गुफा में रहने वाले दो नेपाली बार-बार कर रहे थे अपराध, पुलिस ने इस तरह किया गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों की नींद उड़ गई थी। पुलिस का भी चैन छिन गया था। पुलिस ने आखिरकार लोगों की नींद उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी करने वालों को गिरफ्तार कर लिया है। शातिर चोरों ने डोलीडाना जंगल में गुफा में रहकर सुनियोजित तरीके से नगरवासियों के घरों और प्रतिष्ठानों में सेंधमारी की। दोनों आरोपित नेपाल मूल के हैं। पुलिस ने आरोपितों से सर्राफा की दुकान से चोरी किया गया माल भी बरामद किया है।

अल्मोड़ा जिला मुख्यालय में बीते काफी समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। चोर दुकानों और मंदिरों को निशाना बना रहे थे। इससे लोगों में खौफ पैदा हो गया था। वहीं पुलिस के लिए भी चोर चुनौती बन चुके थे। सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं से पुलिस की मुश्किलें बढ़ती जा रही थीं। लोगों में भी आक्रोश पनप रहा था। चोरी घटनाओं के पर्दाफाश करने के लिए एसएसपी देवेंद्र पींचा ने मतहतों को कड़े निर्देश दिए थे। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए 150 से अधिक सीसीटीवी खंगाले। शनिवार को पुलिस ने चोरी के आरोपित अशोक पुन और अविरल पुन निवासी जिला हुमला, नेपाल को डोली डाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दोनों के पास से 30 जोड़ी सफेद धातु चांदी के पायल, एक मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रानिक घड़ी, एक पर्स, एक आलानकब, एक टार्च, एक पेचकस, लोहे का पंच आदि सामान बरामद किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसएसआइ सतीश चंद्र कापड़ी, भुवन चंद्र जोशी, सुनील सिंह बिष्ट, संतोष तिवारी, देवेंद्र सिंह नेगी, कुंदन सिंह रौतेला, हर्षपाल सिंह, आसिफ हुसैन, किशोर कुमार, खुशाल राम, सुंदर लाल, विनोद कुमार शामिल रहे।