टनकपुर-ब्रह्मदेव के बीच दोपहिया वाहनों का आवागमन शुरू, व्यापारियों ने जताया स्थानीय प्रशासन का आभार

टनकपुर। टनकपुर व नेपाल के ब्रह्मदेव के बीच दोपहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। व्यापारियों ने इसके लिए स्थानीय प्रशासन का आभार जताया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व टनकपुर के गांधी मैदान में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सिद्धनाथ मंदिर संरक्षण समिति के अध्यक्ष नारायण सिंह मेहता, समिति के पदाधिकारियों व व्यापारियों ने वाहनों का आवागमन बंद होने से आ रहीं दिक्कतों से अवगत कराया। जिसके बाद उप जिलाधिकारी हिमांशु कफल्टिया ने एनएचपीसी और सीआईएसएफ के अधिकारियों के साथ बैठक कर टनकपुर शारदा बैराज से सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक दोपहिया वाहनों का आवागमन शुरू करने के निर्देश दिए। जिसके बाद टनकपुर और नेपाल के व्यापारियों ने स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। उप जिलाधिकारी हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि सम्बंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सुबह 8 से शाम 6 बजे तक दोपहिया वाहन का आवागमन शुरू कर दिया गया है।

