नवीनतमनैनीतालहादसा

हल्द्वानी : बाइक हादसे में दो युवकों की मौत, हाथी से टकराने के बाद हमले की आशंका

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर देर रात बाइक सवार दो युवक अंधेरे में हाथी से टकरा गए। जिसके बाद गुस्साए हाथी ने उन पर बुरी तरह से हमला कर दिया। इसी बीच राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उधर, वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, वन विभाग ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट होने की बात कही है।

जानकारी के मुताबिक, घटना तराई केंद्रीय वन प्रभाग के हल्द्वानी रेंज क्षेत्र में हल्द्वानी-रुद्रपुर सड़क पर बीती रात यानी 28 फरवरी की रात करीब 11 बजे के आस पास की है। बताया जा रहा है कि बाइक से गुजर रहे दो युवक अंधेरे के कारण हाथी से टकरा गए। ऐसे में गुस्साए हाथी ने दोनों युवकों पर हमला बोल दिया। इसके बाद राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। साथ ही घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां पर दोनों को मृत घोषित कर दिया।

Ad Ad

वन विभाग का कहना है कि बीती देर रात करीब 11 बजे के आसपास पुलिस की टीम ओर से एक सूचना मिली थी कि बेलबाबा मंदिर के पास हाथी ने बाइक सवार दो युवकों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। जब तक वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो दोनों युवकों को पुलिस राहगीरों की मदद से अस्पताल भेज चुकी थी। जिसमें एक युवक की मौत हो चुकी थी। जबकि, दूसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों में शकील पुत्र मुन्ना (उम्र 26 वर्ष), निवासी- पट्टी बख्श कटरा, शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी गफूर बस्ती बनभूलपुरा (हल्द्वानी) व जाफर निवासी- पट्टी बख्श कटरा, शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी गफूर बस्ती बनभूलपुरा (हल्द्वानी) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवक हल्द्वानी में कपड़े और आर्टिफिशियल ज्वेलरी का काम करते थे। हालांकि, वन विभाग का कहना है कि हाथी के हमले में मौत की आशंका जताई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी। हल्द्वानी के रेंजर ललित जोशी ने कहा है कि घटना बीती देर रात की है। पुलिस ने घटना की जानकारी दी थी, जब तक टीम मौके पर पहुंची, तब तक दोनों को पुलिस ने अस्पताल भिजवा दिया था। पुलिस की ओर से बताया गया है कि हमला हाथी ने किया है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की सही जानकारी मिल पाएगी।