जनपद चम्पावत

UKSSSC : चम्पावत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूंका राज्य सरकार का पुतला

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधीनस्थ चयन आयोग की 4200 पदों की भर्ती में रोक लगाने पर नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार का पुतला दहन किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय शीघ्र वापस नहीं लिया तो आंदोलन छेड़ा जाएगा।
बुधवार को चम्पावत मोटर स्टेशन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका। पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। पूर्व विधायक ने कहा कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की 4200 पदों की भर्ती पर रोक लगा दी गई है। इससे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे बेरोजगार युवकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने चयन आयोग में शीघ्र परीक्षा नियंत्रक की तैनाती की मांग की। साथ ही परीक्षा भर्ती में धांधली करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ऐसा नहीं किए जाने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी। कार्यकर्ताओं ने जोर शोर से सीएम के खिलाफ नारेबाजी की। पुतला फूंकने वालों में नगर अध्यक्ष नीरज वर्मा बॉबी, जगदीश पांडेय, युवा जिलाध्यक्ष गोलू गंगोला, नाथ सिंह बोहरा, विजय कार्की, विमल पांडेय, विनोद बडेला समेत तमाम युवा शामिल रहे।