उत्तराखंड : लापता हुआ 4 साल का पंकू, 4 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, परिजन चिंतित व परेशान
रुद्रप्रयाग। जिले के दूरस्थ बाड़ब गांव में इन दिनों चिंता और डर का माहौल बना हुआ है। गांव का 4 साल का मासूम मयंक उर्फ पंकू पिछले चार दिनों से लापता है। बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार सदमे में है और पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार 4 अप्रैल को मयंक अपनी मां के पीछे-पीछे जंगल की ओर गया था जहां से वह अचानक लापता हो गया। पहले परिजनों को लगा कि बच्चा आसपास ही होगा…लेकिन देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर खोजबीन शुरू की गई।

ग्रामीणों के साथ पुलिस, एसडीआरएफ और डॉग स्क्वायड की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं…लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। घटना को लेकर जंगली जानवर के हमले या अपहरण की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं प्रशासन का कहना है कि बच्चे की तलाश में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। गांव में हर किसी की नजरें रास्तों पर टिकी हैं बस इस उम्मीद में कि मासूम सकुशल वापस लौट आए।

