उत्तराखंड भाजपा ने स्थाई आमंत्रित सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य और प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों का ऐलान किया, जानें किस किस को मिली जगह

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रदेश कार्यसमिति एवं प्रदेश कार्यसमिति के लिए विशेष आमंत्रित और स्थायी आमंत्रित (पदेन) सदस्यों का ऐलान कर दिया है। उन्होंने इसकी सूची जारी कर दी है। भाजपा ने 25 कार्यकर्ताओं को स्थाई आमंत्रित (पदेन) सदस्य बनाया है। अगर बात मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र के जनपद चम्पावत की बात की जाए, तो स्थाई आमंत्रित (पदेन) सदस्य के रूप में चम्पावत जिले से केवल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जगह मिली है। इसमें गढ़वाल मंडल का दबदबा है। कुमाऊं मंडल से सीएम समेत केवल नौ कार्यकर्ताओं को जगह मिली है। पार्टी ने 31 कार्यकर्ताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। इसमें चम्पावत जिले से एकमात्र नेता मुख्यमंत्री धामी के लिए सीट छोड़ने वाले व अब वन विकास निगम के चेयरमैन कैलाश गहतोड़ी को जगह मिली है। इस सूची में भी गढ़वाल मंडल का दबदबा है। 31 विशेष आमंत्रित सदस्यों में से कुमाऊं मंडल के केवल सात नेता शामिल हैं। प्रदेश कार्यसमिति में 135 कार्यकर्ताओं को जगह मिली है। सीएम धामी के विधानसभा क्षेत्र वाले चम्पावत जिले से प्रदेश कार्यसमिति में शंकर पांडेय, सुभाष बगौली, दीप पाठक, सतीश पांडेय, नरेंद्र लडवाल, केडी गहतोड़ी, हर्षवर्धन रावत व श्याम नारायण पांडेय को जगह मिली है।







