उत्तराखंड # 15 सितंबर तक भाजपा के ये नेता करेंगे विधानसभा क्षेत्रों के दौरे
भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को देखते हुए आज एक सितंबर से 15 सितंबर तक प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के दौरे शुरू हो गए हैं। विधानसभा में दौरा करने वाले पदाधिकारियों में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संग़ठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, राजेन्द्र भंडारी, सुरेश भट्ट के अलावा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, मयंक गुप्ता, सुरेश जोशी, गजराज बिष्ट, अनिल ग़ोयल अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के हवाले से प्रवास कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि विधानसभा क्षेत्रों के दौरे में विधानसभा में प्रवास करने वाले पदाधिकारी दो प्रकार की बैठके लेंगे। इसमें प्रथम सत्र की बैठक में शक्ति केंद्र संयोजक, शक्ति केंद्र प्रभारी, मंडलों के पदाधिकारी, मंडलों के मोर्चा अध्यक्ष महामंत्री, विभागों के संयोजक, सह संयोजक, प्रकोष्ठों के संयोजक सह संयोजक एवं मंडल स्तर से ऊपर के प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी शामिल होंगे। दूसरे सत्र की बैठक में भाजपा प्रदेश व जिला पदाधिकारियों के साथ मंडल अध्यक्ष, महामंत्रियों विधानसभा क्षेत्रों में रहने वाले विधायक, सांसद, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, नगर पालिका व नगर पंचायतों के अध्ययक्षों ब्लॉक प्रमुखों, विधानसभा में रहने वाले पूर्व जिलाध्यक्षों, पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं से वार्ता होगी।
