उत्तराखंड # सीएम धामी यहां से लड़ सकते हैं उप चुनाव, कहा इस विधानसभा से मेरा 22 साल पुराना नाता…

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कहां से चुनाव लड़ेंगे इन दिनों यह सवाल यक्ष प्रश्न बना हुआ है। पहले डीडीहाट की लड़ने की चर्चाएं उठीं। मुख्यमंत्री टनकपुर व बनबसा के दौरे पर पहुंचे तो चम्पावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी ने एक बार फिर दोहराया कि वे सीएम चम्पावत से ही चुनाव लड़ें। वे सीट खाली करने को तैयार हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उन्हें निराश नहीं किया और कहा कि अगर आलाकमान कहेगा तो वह चम्पावत से भी लड़ने के लिए तैयार हैं। लेकिन अभी यह तय नहीं है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चम्पावत से ही चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज फिर लोगों को कंफ्यूज कर दिया। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री संबोधन के दौरान इशारों इशारों में कैंट विधानसभा से चुनाव लड़ने का संकेत दे गए। उनके बयान के आधार पर यह कयास लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में साफ तौर पर कहा कि पिछले 22 साल से मैं इस विधानसभा में रहता आया हूं। मुख्यमंत्री राज्य गठन के बाद से ही यमुना कॉलोनी में रहते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के लिए कैंट की सीट भी बीजेपी खाली करवा सकती है। कहा जा रहा है कि चुनाव के दौरान भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को यह सुझाव दिया गया था कि वह कैंट विधानसभा के चुनाव लड़ें, लेकिन तब मुख्यमंत्री की प्राथमिकता खटीमा विधानसभा से चुनाव लड़ने की थी।

