उत्तराखंड : तूफान से चीड़ का पेड़ टूट कर बाइक सवारों पर गिरा, दो गंभीर रूप से हुए घायल

जानकारी के अनुसार शाम लगभग 6 बजे निजी काम से माईथान से मेहलचौरी बाजार की तरफ आ रहे दोनों युवक तेज आंधी से गिरे चीड़ के पेड की चपेट में आकर दुर्घटना का शिकार हो गये।

मेहलचोरी/गैरसैंण। थाना गैरसेंण के अंतर्गत माईथान क्षेत्र के रायकोट गांव के समीप दो मोटरसाइकिल सवार युवक आंधी से टूटे चीड़ के पेड़ की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें वाहन चालक एवं स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से गैरसैंण अस्पताल तक पहुंचाया। घायलों में शामिल हरगोविन्द जोशी पुत्र कृष्णबल्लभ जोशी उम्र 33 वर्ष एवं कमलेश जोशी पुत्र मालदत्त जोशी दोनों लखण देवपुरी के रहने वाले हैं। हरगोविन्द के कंधे व छाती में चोट बतायी जा रही है। वहीं कमलेश के सर पर भी गहरी चोटें आयी हैं।
जानकारी के अनुसार शाम लगभग 6 बजे निजी काम से माईथान से मेहलचौरी बाजार की तरफ आ रहे दोनों युवक तेज आंधी से गिरे चीड़ के पेड की चपेट में आकर दुर्घटना का शिकार हो गये। इसी दौरान मेहलचौरी की तरफ आ रहे टैक्सी चालक वीरेंद्र नेगी पूर्व प्रधान गोगना व उनके साथियों ने दोनों को मौके पर बेहोशी की हालत में सड़क पर गिरा हुआ पाया। तब राइकोट गांव के ग्रामीणों की मदद से पेड को हटाकर घायलों को वाहन में लिटाकर गैरसैंण अस्पताल की तरफ चल दिए। इस दौरान उन्होंने घटना की सूचना 108 पर भी कर दी थी। सूचना मिलने पर 108 वाहन धुनारघाट पंहुच गया था, जहां से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गैरसैंण पंहुचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी मेहलचौरी एसएन जुयाल भी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे।
चिकित्सा अधीक्षक गैरसैंण डॉक्टर अर्जुन रावत ने बताया है कि हरगोविंद जोशी के कंधे और छाती की हड्डियों में चोट आयी है। वहीं कमलेश जोशी के सर में आयी गंभीर चोटों को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। थाना गैरसैंण के सब इंस्पेक्टर जयपाल नेगी ने बताया कि हरगोविंद जोशी माईथान में दुकान चलाते हैं और कमलेश जोशी 12वीं का छात्र है।

