उत्तराखण्डनैनीताल

उत्तराखंड : हवा में लटकी रोप-वे की ट्राली, विदेशी पर्यटकों के साथ स्कूली बच्चों की जान हलक में आई, रेस्क्यू किया गया

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड की सरोवर नगरी कहे जाने वाले नैनीताल में आज वक्त पर्यटकों की जान हलक में आ गई, जब रोप-वे अचानक खराब हो गया। जिसके चलते पर्यटक और स्कूली बच्चे हवा में झूलने लगे। जिससे उनके होश उड़ गए। आनन फानन में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे बाद रोपवे की ट्रॉली में फंसे पर्यटकों और बच्चों का सकुशल रेस्क्यू किया गया।

जानकारी के अनुसार नैनीताल में रोप-वे की एक ट्रॉली में 6 विदेशी पर्यटक, 5 स्कूली बच्चे, एक महिला अभिभावक और एक ऑपरेटर सवार होकर हिमालय दर्शन क्षेत्र की ओर निकले, तभी रास्ते में अचानक चलते-चलते रोपवे बंद हो गया। जिससे ट्रॉली हवा में लटक गई और उसमें सवार लोगों की जान आफत में आ गई। काफी देर तक ट्रॉली हवा में झूलती रही। इस दौरान रोप-वे का संचालन कर रही संस्था कुमाऊं मंडल विकास निगम के कर्मचारियों ने तकनीकी खामियों को दूर करने का प्रयास किया, लेकिन रोपवे ठीक नहीं हो सका। वहीं, रोप-वे कर्मचारियों ने खुद ही रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे के बाद ट्रॉली में फंसे पर्यटकों और स्कूली बच्चों समेत अन्य लोगों को रस्सियों के सहारे एक-एक नीचे उतारा गया। जिसके बाद उन्होंने राहत की सांस ली।

नैनीताल रोप-वे के मैनेजर शिवम शर्मा ने बताया कि रोप-वे का काउंटर वेट बेयरिंग टूट गया था। जिसके चलते रोप-वे का संचालन बाधित हुआ था। ट्रॉली में सवार सभी पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। कल पर्यटकों के लिए रोप-वे बंद रहेगा। इस दौरान रोपवे के ट्रीटमेंट का काम किया जाएगा।