उत्तराखंड : बेटे के सिर पर हुआ खून सवार, पिता का किया कत्ल
पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में जिला मुख्यालय से करीब 16 किमी दूर स्थित ग्राम जाख पुरान में आपसी विवाद के दौरान एक युवक ने अपने पिता पर हथौड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात जाख पुरान गांव में बिशन राम उम्र 50 का अपने बेटे गौरव कुमार उम्र 28 के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी के दौरान गौरव कुमार ने अपने पिता बिशन राम पर हथौड़े से वार कर दिया। रात में हुए घटनाक्रम के बाद पिता-पुत्र सो गए थे। जब सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो बिशन राम के भतीजे सूरज कुमार ने बच्चे को देखने के लिए भेजा। बच्चे ने बताया कि दादा घायल हालत में पड़े हैं। सूरज कुमार मौके पर पहुंचा और इसकी सूचना 112 नंबर पर दी।
एंबुलेंस से घायल बिशन राम को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में शिफ्ट किया गया। इसके कुछ ही देर बाद घायल बिशन राम ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार मृतक के पैर और पछलियों में चोटें थीं। बिशन राम की मौत के मामले में पिथौरागढ़ कोतवाली में पुलिस ने उसके पुत्र गौरव कुमार के खिलाफ 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया है कि शव को मोर्चरी में रखा गया है। रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक का बड़ा बेटा दिल्ली में नौकरी करता है। उसका परिवार पिथौरागढ़ के ऐंचोली में रहता है। बिशन राम भी अपनी पत्नी के साथ बड़े बेटे के साथ ही रहते थे। छोटा बेटा गांव में अकेला रहता है। शुक्रवार शाम को ही वह गांव गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और बिशन राम की जान चली गई। इस घटना से गांव में सनसनी फैली हुई है।

