उत्तराखंड की शिक्षिका डॉ. ममता पुरोहित को मिला प्रतिष्ठित साराभाई राष्ट्रीय वैज्ञानिक शिक्षक पुरस्कार, राज्यपाल ने दी बधाई

उत्तराखंड की विज्ञान शिक्षिका डॉ. ममता पुरोहित को साराभाई राष्ट्रीय वैज्ञानिक शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बागेश्वर जिले के राजकीय हाईस्कूल उत्तरौड़ा की विज्ञान शिक्षिका डॉ. ममता पुरोहित को विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए साराभाई राष्ट्रीय वैज्ञानिक पुरस्कार से नवाजा गया है। शिक्षिका को भारतीय राष्ट्रीय वैज्ञानिक शिक्षक परिषद और रमन साइंस एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन ने ऑनलाइन संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया। शिक्षिका डॉ. ममता देशभर से चुने गए 10 शिक्षकों में दूसरा स्थान पाने में सफल रहीं। वह पुरस्कार पाने वाली उत्तर भारत की एकमात्र शिक्षिका हैं। पुरस्कार के लिए अक्तूबर 2022 में ऑनलाइन पंजीकरण किया गया था।
उत्तराखंड के राज्यपाल रि.ले. जनरल गुरुमीत सिंह ने डॉ. ममता पुरोहित को साराभाई राष्ट्रीय वैज्ञानिक शिक्षक पुरस्कार मिलने पर बधाई दी है। राज्यपाल रि. ले. जनरल गुरुमीत सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा डॉ. ममता जी ने पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। आपकी यह उपलब्धि देवभूमि की बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत है।

