उत्तराखंड : नशे में धुत होकर वाहन दौड़ा रहा था ड्राइवर, खाई में गिरी गाड़ी, 10 लोग थे सवार
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में सड़क हादसा हो गया। एक टाटा सूमो 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत करके 10 लोगों की जान बचा ली। बताया जा रहा है कि टाटा सूमो का ड्राइवर नशे में टल्ली होकर वाहन चला रहा था।
थराली डूंगरी मोटर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर में एक यात्री वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से 30 मीटर नीचे खाई में गिर गया। वाहन खाई में गिरते ही वहां चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर रेस्क्यू वर्क करते हुए तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी। गनीमत रही कि वाहन में बैठे लोगों को हल्की चोटें आई हैं। वाहन दुर्घटना की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन मय फोर्स के मौके को रवाना हुई। जानकारी के अनुसार थराली- डुंगरी मोटर मार्ग पर दोपहर के समय टाटा सूमो वाहन संख्या यूके11Ta/ 1180 डुंगरी की ओर जा रहा था।
तभी अचानक प्राणमती के समीप यात्री वाहन अनियंत्रित हो गया। वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से लुढ़कर 30 मीटर नीचे गिर गया। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रेस्क्यू का सुरक्षित निकाला गया। उसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली ले जाया गया। घायलों ने बताया कि थराली से डुंगरी जा रहा था, तभी प्राणमती के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अचानक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। फोन के माध्यम से लोगों ने पुलिस प्रशासन से संपर्क किया। मौके पर पुलिस प्रशासन ने घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। वाहन में 10 लोग सवार थे जिसमें 4 महिलाएं 4 पुरुष 2 छोटे बच्चे मौजूद थे।
वाहन चालक सेन सिंह पुत्र हरक सिंह निवासी बूंगा थाना थराली उम्र 33 वर्ष वाहन चलाते समय शराब के नशे में पाया गया। चालक का थराली में मेडिकल कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई है। वाहन चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

