उत्तराखंड : सिक्किम में देवभूमि का लाल शहीद, परिजनों का रो रो कर बुरा हाल
सिक्किम के जेमा में हुए सड़क हादसे में 16 जवान शहीद हुए हैं। जिनमें उत्तराखंड का भी एक जवान शामिल है, जो कि इस सड़क हादसे में शहीद हो गया है। रविंद्र सिंह थापा जो कि पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम में सेना का वाहन पलटने पर वह सड़क हादसे में शहीद हो गए हैं, मूलतः पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला के रहने वाले हैं। रवींद्र सिंह के परिवार में पत्नी कमला देवी, एक बेटा पीयूष (10) और एक बेटी इशिका (3) हैं। शहीद का परिवार वर्तमान में पंचायत घर क्षेत्र रामपुर रोड हल्द्वानी में रहता है।
रवींद्र सिंह के बड़े भाई लोकेंद्र भी सेना में हैं। जबकि छोटे भाई दशरथ थापा लोक निर्माण विभाग में कार्यरत हैं। जिला पंचायत सदस्य जीवन ठाकुर ने बताया है कि रवींद्र सिंह काफी मिलनसार थे। जीआईसी पय्यापौड़ी से 12वीं करने के बाद वह सेना में भर्ती हो गए थे। जवान के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, स्थानीय विधायक हरीश धामी और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने शोक जताया है।
आठ दिसंबर को हल्द्वानी पहुंचे थे मगर यूनिट ने बुला लिया था वापस
पिथौरागढ़। पय्यापौड़ी गांव निवासी जवान रवींद्र सिंह थापा आठ दिसंबर को अपने चाचा व्यापार संघ एवं कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र थापा के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए धारचूला आ रहे थे, मगर हल्द्वानी पहुंचने पर उन्हें यूनिट की ओर से तुरंत वापस बुला लिया गया था।

