उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा का फूटा गुस्सा, कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन किया, पूर्व विधायक का भी मिला साथ

टनकपुर। उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा अपनी दस वर्ष पूरे कर चुके विशेष श्रेणी और संविदा कर्मियों को नियमित करने समेत दो सूत्री मांगों को लेकर मुखर हो गया है। कर्मियों ने दो दिनी कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन कर रोष जताया। बुधवार से शुरू हुआ कार्यबहिष्कार गुरुवार को भी जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन को पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भी समर्थन दिया।


बुधवार को मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर कर्मियों ने रोडवेज वर्कशॉप में धरना प्रदर्शन कर कार्य बहिष्कार किया। इस बीच आरएम और एआरएम ने कर्मियों के बीच मुख्य गेट पर पहुंचकर वार्ता की। संयोजक नीरज सिंह और हुकुम चंद के नेतृत्व में कर्मियों ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि जब तक प्रांतीय स्तर से इसका निष्कर्ष नहीं निकलेगा तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। कर्मियों ने दस वर्ष सेवा पूर्ण कर चुके विशेष श्रेणी और संविदा कर्मियों को नियमित करने, अवैध रूप से प्राइवेट बसों को परमिट देने पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई। इस बीच पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने धरना स्थल पहुंचकर कर्मियों का समर्थन दिया। कार्य बहिष्कार में मनोज मिश्रा, हरीश जोशी, अमरेंदर सिंह, शंकर भट्ट,शेर सिंह बिष्ट, सुरेंद्र चिलवाल, रवि शर्मा, कुंदन सिंह, अमित आदि मौजूद रहे।

