उत्तराखंड # खत्म हुई इंतजार की घड़ियां, 632 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज

उत्तराखंड में करीब 24 दिनों का इंतजार खत्म हो गया है। विधानसभा चुनावों की मतगणना शुरू हो चुकी है। प्रदेश की 70 विधानसभाओं की सीट के लिए आज 632 प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला होगा। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है। रुझान नौ बजे से आने शुरू हो जाएंगे। हालांकि यह दोपहर बाद पता चल जाएगा जनता ने किसे चुना। इस बार मतदान प्रतिशत पिछले चुनाव के लगभग बराबर ही रहा, लिहाजा इस आधार पर परिणाम का आंकलन करने वाले भी खामोश हैं। उस पर रही-सही कसर तमाम एक्जिट पोल ने पूरी कर दी, जिनमें भाजपा और कांग्रेस, दोनों को ही सत्ता के करीब बताया गया। जीत के दावे भाजपा और कांग्रेस, दोनों के ही हैं, मगर यह भी सच है कि पूरी तरह आश्वस्त कोई नहीं दिख रहा। प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना गुरुवार को होगी। इसके लिए राज्य के सभी 13 मतदान केंद्रों में कुल 1682 मतगणना टेबल की व्यवस्था की गई है। मतगणना के लिए 7681 कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है।

