उत्तराखंड : दुल्हन ने युवक से बात की तो चढ़ा दूल्हे का पारा, देखते ही देखती शादी में हो गई मारपीट
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में चल रहे शादी समारोह में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जिससे शादी में खलल पड़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। हुआ कुछ यूं कि जयमाला के दौरान दुल्हन का अपने मुंह बोले भाई से गुफ्तगू करना दूल्हे को पसंद नहीं आया। उसने जयमाला के स्टेज पर ही हंगामा कर शादी से इनकार कर दिया।
इस दौरान मुंह बोले भाई के साथियों ने शादी समारोह में मारपीट शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख वर पक्ष और वधू पक्ष के लोग रम्पुरा चौकी पहुंचे। देर रात तक पुलिस चौकी में हंगामा चलता रहा। जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाते हुए विवाह संपन्न कराया। जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात में प्रीत विहार निवासी दूल्हा सेहरा बांधकर हंसी खुशी बारात लेकर घर से निकला। बाराती जमकर नाच रहे थे। गेट पर दूल्हे पक्ष का भव्य स्वागत हुआ। रिबन कटने के बाद बारात दुल्हन के घर पहुंची। जयमाला का हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा था इसके बाद दूल्हा-दुल्हन दोनों स्टेज पर भी पहुंचे। आशीर्वाद देकर मेहमान आ-जा रहे थे। इसी बीच एक युवक दुल्हन के बगल में आकर बैठ गया और उससे गुफ्तगू करने लगा। यह बात दूल्हे को नागवार गुजरी और उसने इसका विरोध कर दिया।
इससे शादी समारोह में हंगामा बढ़ने लगा। इस दौरान दुल्हन के पास बैठे युवक के साथियों ने शादी समारोह में मारपीट शुरू कर दी। जिसमें कई लोग चोटिल हो गए। इसके बाद दूल्हे ने शादी करने से मना कर दिया। इस पर दुल्हन के पिता सदमे में आ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहीं, हंगामा बढ़ा तो दूल्हा समेत पूरी बारात रम्पुरा चौकी पहुंच गई। चौकी में भी कई घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। आखिरकार पुलिस की टीम ने दोनों पक्षों को समझाते हुए देर रात शादी संपन्न कराई। वहीं, शादी होने के बाद दूल्हा दुल्हन को लेकर अपने घर निकल गया।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया है कि रुद्रपुर थाना क्षेत्र में विवाह समारोह में वर और वधू पक्ष के बीच विवाद हो गया था। जिसके बाद वर ने शादी करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद वधू पक्ष पुलिस चौकी पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने दूल्हे के साथ वर पक्ष को समझाया। जिस पर दूल्हा शादी करने के लिए राजी हुआ। फिर शादी संपन्न कराई गई।

