विकसित भारत में सबसे अहम होगा उत्तराखंड का योगदान : रेखा आर्या
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने चम्पावत भाजपा कार्यालय में गिनाई 25 साल की उपलब्धियां, युवा और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
चम्पावत। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 2047 के विकसित भारत में उत्तराखंड की भूमिका सबसे अहम रहेगी। इसके लिए हम सभी प्रदेशवासियों को अभी से तैयार होना होगा।
मंत्री आर्या शुक्रवार को चम्पावत भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर रही थीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में सबसे बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और वह दिन दूर नहीं जब ये राज्य आर्थिक एवं सामाजिक संकेतकों में देश का अग्रणी बन जाएगा। उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता लागू कर अन्य राज्यों के लिए मिसाल कायम की है। प्रदेश के युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए किए गए कदम अनुकरणीय हैं। रेखा आर्या ने 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में उत्तराखंड की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी बल दिया। इस अवसर पर मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जो भी जिम्मेदारी मिली है, उसका ईमानदारी से पालन करते हुए देश को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना पुरा सहयोग दें।

इस अवसर पर चंपावत भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, नगर अध्यक्ष सुनील पुनेठा, पूर्व जिला अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी, सतीश पांडेय, शंकर पांडेय, सुभाष बगौली, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास शाह, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के छात्र अध्यक्ष विकास चौधरी, गोविंद प्रसाद, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय, सूरज प्रहरी आदि मौजूद रहे।

