आदर्श चम्पावत की उड़ान में ‘वैली ब्रिज’ जनता को समर्पित

विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने किया अमोड़ी-सिप्टी मोटर मार्ग पर बने वैली ब्रिज का उद्घाटन


चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की आदर्श जनपद चम्पावत की परिकल्पना की ओर जनपद तेजी से अग्रसर है। इसी के तहत अमोड़ी-सिप्टी मोटर मार्ग पर वैली ब्रिज बन कर तैयार हो गया है। जिसका उद्घाटन शुक्रवार को मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने किया।
लोक निर्माण विभाग चम्पावत के अंतर्गत मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 673/2024 राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 09 के वैकल्पिक मार्ग अमोड़ी, छतकोट, घुरचुम, पाली, सिप्टी मोटर मार्ग में क्वैराला नदी में 0.600 किलोमीटर वैली ब्रिज एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य 95.21 लाख की लागत से किया गया है। आज शुक्रवार को विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने वैली ब्रिज का उद्घाटन करने के साथ ही उसे जनता को समर्पित किया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं समेत तमाम स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री धामी का आभार जताया।

नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय केदार सिंह बृजवाल ने बताया कि वर्षों पुरानी जनता की मांग थी, जो आज पूरी हुई है। क्वैराला नदी पर वैली ब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ। संपूर्ण क्वैराला घाटी के साथ-साथ यह मार्ग एनएच का विकल्प बनेगा। यह कार्य मुख्यमंत्री घोषणा के तहत कराया गया है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष चम्पावत ग्रामीण प्रकाश बिनवाल, मनोज तड़ागी, वरिष्ठ कार्यकर्ता अम्बा दत्त फुलारा, मुकेश महराना, कैलाश अधिकारी, जगत सिंह, श्याम सिंह, महेश भट्ट, घनश्याम भट्ट, राजेंद्र प्रसाद, नारायण दत्त, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
