चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 : रैंप वॉक प्रतियोगिता में वंदना ने हासिल किया प्रथम स्थान

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 के द्वितीय दिवस का मुख्य आकर्षण महिला सशक्तिकरण को समर्पित विविध प्रतियोगिताएं रहीं। जिनके माध्यम से ‘सशक्त महिला, सशक्त समाज’ का प्रेरक संदेश पूरे जनपद में गुंजायमान हुआ। महोत्सव के मंच पर महिलाओं ने न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि वे समाज के हर क्षेत्र में नेतृत्व करने में सक्षम हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति ने प्रतिभागियों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया।

द्वितीय दिवस पर आयोजित ‘मोस्ट टैलेंटेड लेडी’ प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई 26 से अधिक महिलाओं ने प्रतिभाग किया। दीपा पंत, गायत्री शर्मा, मोनिका, बबिता सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रभावशाली परिचय दिया। प्रतियोगिता के परिणामों में सरिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, कंचन विष्ट द्वितीय रहीं, जबकि शीला रावत एवं तुलसी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।

इसी क्रम में आयोजित पारम्परिक परिधान रैंप वॉक प्रतियोगिता ने विशेष आकर्षण बटोरा। 12 से अधिक महिलाओं ने विविध सामाजिक एवं प्रेरणादायक भूमिकाओं की वेशभूषा में मंच पर रैंप वॉक कर दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की। प्रतिभागियों ने ब्राइड, वकील, गौरा देवी, पायलट, तीलू रौतेली, घसियारी, गृहणी, बछेन्द्री पाल, डॉक्टर, कुमाऊंनी फेस्टिव लुक, हाउस मेकर एवं वित्त मंत्री जैसी विभिन्न भूमिकाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज, प्रशासन, सेना, खेल, पर्वतारोहण और नेतृत्व के हर क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही है।

रैंप वॉक प्रतियोगिता में वंदना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, हीरा थ्वाल द्वितीय रहीं तथा मोनिका बोहरा तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को सम्मानित कर उनके उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित केश सज्जा प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने अपनी सृजनात्मक सोच और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। पारंपरिक और आधुनिक शैली के सुंदर संयोजन ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस प्रतियोगिता में महक प्रथम, कंचन द्वितीय तथा शीला तृतीय स्थान पर रहीं।