लोहाघाट : पेयजल की किल्लत से जूझ रहे ग्रामीणों ने किया खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन

लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट विकासखंड के खालगढा में पेयजल समस्या का समाधान न होने पर लोगों ने खाली बर्तनों के साथ जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द हैंडपंप ठीक करने और पेयजल योजना को धरातल पर लाने की मांग उठाई।


रविवार को खालगढा में वन विभाग चौकी के पास लोगों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि क्षेत्र में पानी के लिए केवल दो हैंडपंप हैं। करीब एक सप्ताह से दोनों हैंडपंप खराब पड़े हैं। लोगों ने बताया कि केवल एक हैंडपंप में बहुत कम मात्रा में पानी आ रहा है, लेकिन वह पीने योग्य नहीं है। कहा कि किमतोली में पेयजल योजना दो साल से बन रही हैं, लेकिन अब तक योजना का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। लोग कई किलोमीटर दूर जाकर ढोरजा, गुरेली, छीड़ाखाल पुलिस चौकी जाकर पानी ला रहे हैं। जिसमें उनका पूरा दिन लग रहा है। खालगढा में करीब 200 से अधिक लोगों की आबादी है।
प्रदर्शन करने वालों में नवीन चंद्र चिलकोटी, पुष्पा पांडेय, जानकी देवी, सोनू अधिकारी, निर्मला पांडेय, रेखा अधिकारी, तारामणी, विमला पांडेय, सुनीता सामंत, हीरा देवी, चंचला देवी, राधा देवी, भुवन पांडेय, नीतू पांडेय, बबीता पांडेय, डॉ. बीके सरकार, राहुल बोहरा, सूरज सिंह बोहरा, हेमा बोहरा, गौरी आदि शामिल रहीं। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान नहीं होता है तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। वहीं जल निगम के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया है कि हैंडपंप को जल्द ठीक किया जाएगा। बताया कि किमतोली पेयजल योजना का कार्य प्रगति पर है। जल्द ही योजना बनकर तैयार होगी।
