बनबसा में व्यापार मंडल अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए होगा मतदान, महामंत्री व कोषाध्यक्ष का चुनाव होगा निर्विरोध

बनबसा। व्यापार मंडल चुनाव के लिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद में ही मतदान होगा। व्यापार मंडल चुनाव में किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। महामंत्री और कोषाध्यक्ष का निर्विरोध चुना जाना तय है।

शुक्रवार को व्यापार मंडल चुनाव में किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। लिहाजा अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद में ही मतदान होंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी ललित वर्मा ने बताया कि चुनाव के लिए कुल सात प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए हैं। बताया कि अध्यक्ष पद में परमजीत सिंह, भरत सिंह भंडारी तथा संजय पारिक के बीच मुकाबला होगा। जबकि उपाध्यक्ष में आशीष गर्ग और संजू ठाकुर के बीच सीधा मुकाबला होगा। बताया कि महामंत्री में अभिषेक गोयल और कोषाध्यक्ष में कमल गुप्ता का कोई विरोधी नहीं होने से इनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है। बताया कि किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया है। मतदान 21 फरवरी को होगा।
