उत्तराखण्डनवीनतममौसम

उत्तराखंड में बदला मौसम, 14 मार्च तक बारिश बर्फबारी का अलर्ट

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, पहाड़ों में हल्की बारिश के आसार, मैदानों में तेज धूप से बढ़ा पारा

उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। कहीं तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है तो कहीं आसमान में आंशिक बादल मंडराते नजर आ रहे हैं। इसी बीच पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना भी जताई गई है। चम्पावत में आज सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है।

Ad Ad

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।
राज्य के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 12 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर पहुंच गया है। कुमाऊं के मुक्तेश्वर में तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया, जो इस क्षेत्र के लिए असामान्य रूप से अधिक माना जा रहा है और कई मैदानी शहरों के बराबर पहुंच गया है।

राजधानी देहरादून में भी दिन के समय तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का एहसास होने लगा है।

कई जिलों में हल्की बारिश के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार आगामी 14 मार्च तक उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। वहीं 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात होने के आसार हैं। दूसरी ओर राज्य के अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

बादलों और धूप की आंख-मिचौली

रविवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही आंशिक बादल छाए रहे। दिनभर धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली चलती रही। शाम के समय हल्की हवा चलने से मौसम कुछ राहतभरा महसूस हुआ, हालांकि देर शाम तक वर्षा नहीं हो सकी। कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे मौसम में हल्का बदलाव महसूस किया गया।

अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 9 मार्च से 14 मार्च तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। हालांकि राज्य के अन्य जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

देहरादून: अधिकतम 30.9, न्यूनतम 18.4
ऊधमसिंह नगर: अधिकतम 30.7, न्यूनतम 15.8
मुक्तेश्वर: अधिकतम 28.2, न्यूनतम 9.3
नई टिहरी: अधिकतम 22.4, न्यूनतम 10.3
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के महीने में तापमान का यह उतार-चढ़ाव सामान्य मौसमी बदलाव का हिस्सा है, हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में अचानक बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Ad Ad