अल्मोड़ा में ततैयों के काटने से महिला की मौत, टनकपुर में दो लोग हुए घायल

अल्मोड़ा। जिला मुख्यालय से 8 किमी दूर चितई पंत गांव में ततैयों के झुंड ने एक 34 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। ततैयों के काटने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

नगर से लगे चितई पंत गांव निवासी दीपा देवी (34) पत्नी प्रमोद कुमार अपने घर से पास खेतों में घास काट रही थी। इसी दौरान ततैयों के झुंड ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। महिला के शोर मचाने पर परिजन व ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे। तब तक महिला पूरी तरह घायल हो चुकी थी। तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर गए। वहीं वन विभाग को भी इसकी सूचना दी गई। चिकित्सकों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए बेस अस्पताल रेफर कर दिया। बेस अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हायर सेंटर ले जाते समय महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम बेस अस्पताल पहुंची। वन दारोगा इंद्रा मर्तोलिया ने बताया कि ततैयों ने महिला के सिर, गले, चेहरे व पैर में बुरी तरह काट हुआ था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। चौकी प्रभारी बेस सुनील सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।
टनकपुर पूर्णागिरि मार्ग में दो लोगों के हमले से फिर हुए घायल
टनकपुर/चम्पावत। पूर्णागिरि मार्ग पर लोहे पुल के समीप एक बार फिर ततैयों के हमले में दो व्यक्ति घायल हो गए। जिन्हें उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में भर्ती कराया गया है। जिनका डॉ. जीतेन्द्र जोशी व उनकी टीम ने उपचार किया। डॉ.जोशी ने बताया कि ततैयों ने हिमांशु सिंह पुत्र रमेश सिह उम्र 15 निवासी उचौलीगोठ व हरीश चंद्र जोशी निवासी वार्ड नंबर 11 विष्णुपुरी कॉलोनी टनकपुर के गले, सिर एवं हाथों में काटा है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अवकाश दे दिया है। वहीं घायलों ने बताया कि प्रातकालीन भ्रमण के दौरान ककराली गेट में लोहे के पुल के समीप पेड़ से ततैयों ने हमला कर दिया। मालूम हो कि पूर्व में भी तीन दर्जन से अधिक लोगों को टनकपुर के अलग-अलग स्थान पर ततैयों ने हमला कर घायल किया जा चुका है। एसडीएम आकाश जोशी ने बताया कि वन विभाग को हमलावर ततैयों के छत्तों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

