उत्तराखंड # महिला ने कुल्हाड़ी से वार कर पति को मार डाला, सनसनी मची
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में घरेलू विवाद के चलते महिला ने अपने पति के सर पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी है। राजस्व पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी के नौगांव क्षेत्र के हिमरौल गांव में देर रात यह घटना घटी। बताया जा रहा है कि गांव के जसपाल (22) ने दो साल पहले 21 साल की काजल से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद तक सब कुछ ठीक-ठाक चला लेकिन बाद में पति-पत्नी में झगड़े होने शुरू हो गए। इधर सोमवार की रात भी पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर लड़ाई झगड़ा शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया की पत्नी ने पास में कुल्हाड़ी उठाकर पति के सिर पर दे मारी। सर पर कुल्हाड़ी लगते ही जसपाल का सर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर नायब तहसीलदार जोगेंद्र चौहान देर रात को ही मौके पर पहुंच गए। इसके बाद महिला को गिरफ्तार कर रेगुलर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। बताया जा रहा है कि हत्या आरोपी काजल का मायका टिहरी जिले के कंडीसौड़ इलाके में है। मृतक जसपाल दैनिक मजदूरी का कार्य किया करता था। फिलहाल राजस्व पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
