चम्पावत : जंगल से लौट रही महिला की खाई में गिरने से हुई मौत
पाटी/चम्पावत। चम्पावत जनपद के पाटी विकासखंड की धरसौं ग्राम पंचायत में जंगल से लौट रही एक महिला की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतक क्षेत्र के ग्राम प्रहरी की पत्नी थी। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्र में भी गम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक आज बुधवार 26 नवंबर की अपराह्न पाटी की धरसों ग्राम पंचायत के ग्राम प्रहरी की पत्नी किरन देवी जंगल गई थी। जंगल से लौटते वक्त किरन देवी का रास्ते में एकाएक संतुलन बिगड़ा और वह करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पाटी के ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी ने मौके पर पहुंच परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मृत महिला के पति कुशल राम ग्राम प्रहरी है। रीठा साहिब थाने के मुताबिक घटना की पुलिस को अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

