आप भी दें बधाई… चम्पावत कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष गहतोड़ी के पौत्र ने नीट परीक्षा में देश में पाया तीसरा स्थान

चम्पावत/अल्मोड़ा। भारत की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG)-2025 का रिजल्ट जारी हो गया है। इसमें उत्तराखंड अल्मोड़ा द्वाराहाट सुंदरखोला के मूल निवासी कृषांग जोशी ने पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। चम्पावत जिले की कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी के पौत्र कृषांग जोशी ने पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।

कृषांग ने देशभर में रैंक 3 के साथ 99.9998189 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनके पूरे देश के टॉपर रहे महेश कुमार से महज तीन नंबर कम हैं। कृषांग के 720 में से 681 नंबर प्राप्त किए हैं। कृषांग के पिता कैप्टन मनोज जोशी पूर्व में मर्चेंट नेवी में कार्य कर चुके हैं। साथ ही वह मुंबई में मरीन पायलट के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वह न्यू मंगलौर में पोर्ट उप संरक्षक के पद पर कार्य कर रहे हैं। कृषांग की माता गृहणी हैं। कृषांग के पिता मनोज जोशी ने बताया है कि कृषांग बचपन से ही मेधावी रहा है। उसने दसवीं में 98% और 12वीं में 95% अंक प्राप्त किए। इसके बाद पुणे आकाश इंस्टीट्यूट से कोचिंग प्राप्त की। मेधावी होने के कारण आकाश इंस्टीट्यूट ने उसे निशुल्क कोचिंग प्रदान की। कृषांग कि इस सफलता से न केवल उसके परिजनों में खुशी की लहर है बल्कि चम्पावत जिले में उनकी नानी को भी उनकी सफलता पर बधाइयां मिल रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस से पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन कठायात, सभासद प्रेमा चिल्कोटी, सामाजिक कार्यकर्ता जनार्दन चिलकोटी, मामा धीरज गहहतोड़ी, विष्णु गिरी गोस्वामी, विपिन जोशी, श्याम कार्की, सुधीर साह समेत तमाम लोगों ने उन्हें बधाई दी है।

