17 साल के लड़के ने नाबालिग दोस्तों के साथ 160 की स्पीड से दौड़ाई कार, खौफनाक हादसे में 7 की मौत
शुक्रवार की सुबह बेंगलुरु ग्रामीण जिले के होसकोटे तालुक में दर्दनाक सड़क हादसा देखने को मिला, जब कंबलिपुरा गेट के पास 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही एक एसयूवी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में छह छात्र थे, जिनमें से पांच नाबालिग बताए जा रहे हैं। उस घटना में एक बाइक सवार की भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, ये हादसा सुबह करीब 4:15 से 4:30 बजे के बीच हुआ। जब 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही कार पहले एक बाइक से टकराई, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद एसयूवी ने आगे चल रहे एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इस टक्कर के कारण ट्रक और गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। जिसके कारण सड़क पर गाड़ी के टूटे हिस्से और शीशे बिखर गए। कुछ ही पलों में डोब्बासपेट-होसकोटे सैटेलाइट टाउन रिंग रोड पर भयावह मंजर दिखाई देने लगा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मृतक गगन बाइक पर सवार था, जिसको तेज रफ्तार एसयूवी ने पीछे से टक्कर मारी। वहीं ट्रक चालक बालासुब्रमण्यम को गंभीर चोट आईं हैं। क्योंकि गाड़ी की टक्कर के कारण ट्रक के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक के पिछले टायरों का जोड़ा और एक्सल टूटकर सड़क पर जा गिरा और ट्रक सर्विस रोड़ पर जाकर पलट गया। हादसे में मारे गए छात्रों में 5 नाबालिग थे। जिनमें अहराम शरीफ की उम्र 16, अश्विन नायर, ईथन जॉर्ज और भरत की उम्र 17 साल थी। वहीं मोहम्मद फरहान और गगन की 26 साल उम्र थी। इस खौफनाक हादसे के बाद ट्रक के अलग अलग हिस्से सड़क पर बिखर गए और 15 मिनट के बाद ब्रेजा गाड़ी ट्रक के टूटे पड़े हिस्से से टकरा गई। जिसमें ब्रेजा सवार को मामूली चोटें आईं। जिसके बाद उसने पुलिस को इस हादसे के बारे में जानकारी दी।

