नवीनतमपिथौरागढ़हादसा

कुमाऊं में यहां घर में लगी भीषण आग, जिंदा जली 70 साल की बुजुर्ग महिला, सदमे में परिवार

Ad
ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में बड़ी अग्नि दुर्घटना हुई है। गंगोलीहाट तहसील क्षेत्र में घर के अंदर आग लगने का मामला सामने आया है। इस हादसे में घर में मौजूद बुजुर्ग महिला जिंदा जल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। परिजनों के अनुसार आग में पांच तोला सोना, 50,000 की नकदी और जरूरी कागजात नष्ट हो गए हैं। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

Ad

जानकारी के मुताबिक 70 साल की अनुली देवी पत्नी स्व. बिशन सिंह गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से करीब दस किमी दूर भामा गांव में रहती थीं। सोमवार 31 मार्च शाम को करीब 6 बजे अनुली देवी के तीन मंजिला घर में अचानक से आग लग गई। हादसे के वक्त अनुली देवी का बेटा खेतों में गया था। बताया जा रहा है कि आस पड़ोस के लोगों और ग्रामीणों ने अनुली देवी के घर से धुआं उठता देखा था। इसके बाद ही वो अनुली देवी के घर पहुंचे तो देखा की अंदर आग लगी हुई। ग्रामीणों ने आग का बुझाने के काफी प्रयास किए, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों को आग बुझाने में करीब एक घंटा लगा। इस दौरान घर के रखा सारा सामान जलकर राख हो गया और घर के अंदर मौजूद 70 साल की अनुली देवी भी जिंदा जल गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को अपने कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष हीरा सिंह डांगी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

वहीं प्रशासक मंगल सिंह की सूचना पर गंगोलीहाट थाना पुलिस और विद्युत विभाग के कर्मचारी गांव पहुंचे। इसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी गंगोलीहाट ले जाया गया। किशन सिंह का परिवार सदमे में है। पूर्व विधायक मीना गंगोला ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने की बात कही है।

Ad