उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

पूर्णागिरी से लौट रही स्कूटी सवार युवती की जान गई, तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दो गंभीर

ख़बर शेयर करें -

खटीमा। मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रही स्कूती सवार तीन युवतियों को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो युवतियां जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं।

नानकमत्ता-खटीमा बाईपास पर देर रात हुए इस हादसे के बाद का दृश्य दिल दहला देने वाला था। पुलिस के पहुंचने तक एक युवती सड़क के बीच स्कूटी के साथ बेसुध पड़ी थी, जबकि दो अन्य को राहगीर पहले ही अस्पताल पहुंचा चुके थे। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे गुस्सा और बढ़ गया।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, गांधीनगर हल्द्वानी निवासी प्रियंका गुप्ता अपनी पड़ोस में रहने वाली मोनिका सागर और रुचि सागर के साथ स्कूटी से पूर्णागिरि मेले से लौट रही थीं। सफर खत्म होने से पहले ही तेज रफ्तार ने उनकी जिंदगी को झकझोर दिया। हादसे में मोनिका सागर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रियंका और रुचि को प्राथमिक उपचार के बाद रुद्रपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया है। फरार वाहन और चालक की तलाश के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दुखद हादसे से जहां मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है वहीं घायलों के परिजनों में भी बैचेनी व्याप्त है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग आम हो गई है, लेकिन इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Ad Ad