देवीधुरा में आप और एनएसयूआई कार्यकर्ता भिड़े, छात्र महासंघ सचिव समेत दो गंभीर रूप से घायल


चम्पावत जिले के देवीधुरा में बुधवार की रात आम आदमी पार्टी और एनएसयूआई कार्यकर्ता भिड़ गए। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में मामूली विवाद के बाद खूनी संघर्ष शुरू हो गया। देखते ही देखते वहां लाठी-डंडे और चाकूबाजी शुरू हो गई। जानकारी मिली है कि इस संघर्ष में छात्र महासंघ सचिव व एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष चेतन चम्याल और दीपक जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को 108 आपातकालीन सेवा के जरिए हल्द्वानी रेफर किया गया। हालांकि गंभीर रूप से घायल युवकों के परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं सौंपी है। इस खूनी संघर्ष में आम आदमी पार्टी के लोग भी घायल हुए हैं। उनकी ओर से पाटी थाने में तहरीर दी गई है। खबर के अनुसार एसओ हरीश प्रसाद ने बताया है कि एक पक्ष के दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने अब तक तहरीर नहीं दी है। दूसरे पक्ष की तहरीर पर पाटी थाने में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। गंभीर रूप से घायल युवकों के परिजनों की तहरीर मिलते ही उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।


