टनकपुर : वन विभाग की अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हुआ वन अपराध का अभियुक्त, महकमे में हड़कंप
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर में वन विभाग की अभिरक्षा से एक वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय का अभियुक्त चकमा देकर फरार हो गया, जिससे विभाग और स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया है। मामला शारदा वन क्षेत्र का है, जहां वन अपराध संख्या 04/शारदा/2026-27 के तहत भारतीय वन अधिनियम, 1927 की विभिन्न गंभीर धाराओं (धारा 26, 41, 42 एवं 52) में गिरफ्तार अभियुक्त जगदीश चन्द्र तिवारी, पुत्र स्वर्गीय शंकर दत्त तिवारी, निवासी चन्द कॉलोनी, टनकपुर को वन विभाग की कस्टडी में रखा गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार (6 जून 2026) को दोपहर लगभग 12:30 से 1:00 बजे के बीच वन विभाग की अभिरक्षा टीम अभियुक्त जगदीश चन्द्र तिवारी को स्वास्थ्य परीक्षण (मेडिकल चेकअप) के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर ले जा रही थी। इसी दौरान अस्पताल पहुंचने से पहले अभियुक्त ने सुरक्षा टीम से लघुशंका (यूरिन) जाने की बात कही। टीम ने जैसे ही उसे समय दिया, वह चकमा देकर मौके से रफूचक्कर हो गया। अभियुक्त के अचानक गायब होने से सुरक्षा टीम के हाथ-पांव फूल गए। वन कर्मियों द्वारा आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन और पीछा करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।
अभियुक्त के इस तरह हिरासत से भाग जाने के बाद शारदा वन क्षेत्र के वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) सुनील शर्मा ने टनकपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को लिखित तहरीर सौंपकर आरोपी के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है। वन क्षेत्राधिकारी द्वारा इस मामले की प्रतिलिपि प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) हल्द्वानी वन प्रभाग तथा उप प्रभागीय वनाधिकारी शारदा उप प्रभाग टनकपुर को भी सूचनार्थ भेज दी गई है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर फरार अभियुक्त की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि रेंजर सुनील शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने 262 bns की धारा पर मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

