दिल्ली अग्निकांड शेफ केशव नेगी गिरफ्तारी मामला, चढ़ा पॉलिटकल पारा, कांग्रेस ने खोला मोर्चा
मालवीय नगर अग्निकांड में केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उठाये सवाल
देहरादून। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में उत्तराखंड मूल के निवासी शेफ केशव नेगी को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि शेफ केशव नेगी की लापरवाही से चलते होटल में आग लगी। वहीं, मालवीय नगर अग्निकांड में शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर लोगों में आक्रोश है। सोशल मीडिया पर शेफ केशव नेगी के लिए आवाजा उठाई जा रही है। वहीं, अब राजनीतिक दलों ने भी केशव नेगी के न्याय के लिए आवाज उठाई है।
उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दिल्ली सरकार से जल्द इस मामले पर हस्तक्षेप किए जाने की मांग की। गणेश गोदियाल ने कहा कि मालवीय नगर के होटल में हुए अग्निकांड से पिछा छुड़ाने के लिए जिम्मेदार विभागों ने केशव नेगी को गिरफ्तार किया है। 3 जून को दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड में कई लोगों की असमय मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारों को यह दुख सहन करने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना करता हूं।
गणेश गोदियाल ने कहा इस दुखद घटना के बाद जिस तरह की कार्रवाई सरकार ने की, वो और भी कष्टदाई है। दिल्ली पुलिस ने केशव नेगी नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। केशव नेगी इसी होटल में शेफ के तौर पर काम किया करते थे वे मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं। उनको गिरफ्तार करते हुए यह आरोप लगाया गया है कि होटल में लगी आग को बुझाने में उन्होंने अपना कोई योगदान नहीं दिया। यह स्वाभाविक है कि जब अचानक आग लगती है तो हर कोई आग से अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता है। यही केशव नेगी ने भी किया होगा। यह प्रश्न किसी उत्तराखंड के युवक या किसी अन्य राज्य के व्यक्ति का नहीं है। प्रश्न दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टेज़ होटल में लगी आग और उस आग के लिए वास्तविक रूप से जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही का है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या फायर ब्रिगेड की जिम्मेदारी केशव नेगी के पास थी? गणेश गोदियाल ने कहा उनकी जानकारी के अनुसार केशव नेगी होटल में शेफ थे। आग बुझाने का काम उनका नहीं था। यह भी जांच का विषय है कि होटल में आग पर काबू पाने के समुचित प्रबंध थे या फिर नहीं थे। क्या होटल प्रबंधन की तरफ से नियमों का पालन किया जा रहा था या फिर नहीं? उन्होंने कहा यह शर्मनाक है कि दिल्ली सरकार ने अपना पीछा छुड़ाने के लिए साधारण नौकरी करने वाले व्यक्ति को इस मामले में दबोच रही है। उन्होंने दिल्ली सरकार से इस मामले पर हस्तक्षेप करते हुए तत्काल केशव नेगी को रिहा करने की मांग की।
साथ ही गणेश गोदियाल ने अग्निकांड में मारे गए लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा इस असीम दुख की घड़ी में वह मारे गए लोगों की प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें। इस अग्निकांत प्रकरण में जिन लोगों को घायल के रूप में शारीरिक क्षति पहुंची है, उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हो। इस मामले में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने भी दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से बात की है। जिसमें उन्होंने मामले की निष्पक्ष, गहन एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
बता दें बता दें 3 जून को मालवीय नगर के होटल में सुबह करीब आठ बजे भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में बेसमेंट में फंसे 21 लोगों की धुएं और आग की चपेट में आने से मौत हो गई थी। साथ ही दर्जनों लोग घायल हो गए थे। मरने वालों में ज्यादातर विदेशी हैं। बचाव कार्य के दौरान आग और धुएं की चपेट में आने से 10 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे। इस मामले में पहले ही होटल के मालिक को गिरफ्तार किया जा चुका है।

